
बड़वानी। शहर से मुस्लिम तीर्थयात्रियों का 18 सदस्यीय जत्था रविवार को पवित्र कर्बला यात्रा के लिए रवाना हुआ। इससे पूर्व विभिन्न समाज वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर यात्रियों को विदाई दी और उनके लिए विशेष दुआएं की।
विदाई समारोह के मौके पर शहरवासियों ने धार्मिक सौहार्द, भाईचारा और एकता का अद्भुत परिचय देते हुए यात्रियों से देश और शहर की तरक्की, अमन-चैन और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की दुआ करने का आग्रह किया। सभी ने यह कामना की कि हमारा मुल्क हिंदुस्तान सदैव तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे और समाज में हमेशा भाईचारा कायम रहे। जत्थे को मुस्लिम समाजजनों ने सम्मानपूर्वक विदाई दी।
हाजी अब्दुल अजीज मंसूरी ने बताया कि तीर्थयात्री इराक स्थित कर्बला, नजफ व अन्य पवित्र स्थलों की जियारत करेंगे, इस्लामी इतिहास और धर्म से जुड़े कई महत्वपूर्ण मजारात पर हाजिरी देंगे।
