रीवा:मध्यप्रदेश के रीवा एयरपोर्ट से सोमवार को नई उड़ान की शुरुआत हुई। 72 सीटर विमान ने पहली बार रीवा की धरती से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। रीवा को अब देश के हवाई नक्शे पर एक नई पहचान मिली है, यह क्षेत्र के आर्थिक विकास और निवेश के अवसरों को बढ़ाएगा।विंध्य वासियों के लिए सोमवार का दिन काफी खास रहा, लंबे इंतज़ार के बाद रीवा एयरपोर्ट से 72 सीटर विमान सेवा की शुरुआत हो गई है, जो रीवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र के माध्यम से विंध्य वासियों को इसकी बधाई दी। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव वर्चुअली जुड़कर सभी को इस सेवा की शुरुआत की बधाई दी। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस सेवा का शुभारंभ किया गया। एटीआर 72 के शुरु हो जाने से रीवा के साथ ही विंध्य वासी सीधे हवाई मार्ग से कम समय में दिल्ली पहुंच जायेंगे
। रीवा एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू होने से पूरे विंध्य क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, स्थानीय लोग इसे विकास की नई उड़ान मान रहे हैं। रीवा की ये उड़ान सिर्फ आसमान में नहीं, बल्कि विकास की नई ऊंचाइयों की ओर भी है। फिलहाल अभी 72 सीटर विमान सेवा को दिल्ली के लिए शुरु किया गया है, जो सप्ताह में तीन दिन उड़ान भरेगा। आने वाले समय में इसकी सेवाएं अन्य शहरों के लिए भी शुरु की जाएगी।
इस मौके पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि, रीवा को हवाई सेवाओं से जोड़ना, क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम है। अब यहां के लोगों को व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के लिए लंबी दूरी तय करने में आसानी होगी। रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास 15 फरवरी 2023 को किया गया था। इसी दिन से रीवा से जबलपुर, भोपाल, खजुराहो, सिंगरौली के लिए एयर टैक्सी और 17 सीटर हवाई जहाज की सुविधा शुरू की गई थी। अब रीवा से दिल्ली के लिए 72 सीटर विमान सेवा की शुरुआत की गई है।
रीवा से दिल्ली के बीच विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन चलेगी। अलाइंस एयर एविएशन कंपनी की 72 सीटर फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। सोमवार को इसे उदघाटन अवसर पर 12 बजे रवाना किया गया है, लेकिन बाकी दिनों, रीवा से फ्लाइट नंबर 91-676 रात 8:25 बजे रवाना होकर रात 10:40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगी और दिल्ली से फ्लाइट नंबर 91-675 शाम 5:25 बजे रवाना होकर रात 8:00 बजे रीवा पहुंचेगी। इसका किराया रीवा से फर्स्ट क्लास का 19430, सेकेंड क्लास का 13130 और थर्ड क्लास का 3 हजार 680 रूपये तय किया गया है। वहीं दिल्ली से आने के लिए फर्स्ट क्लास का किराया 19 430, सेकेंड क्लास का 13130, और थर्ड क्लास का 3734 रुपए किराया तय किया गया है।
