देश की न्यायपालिका ने साइबर अपराध के सबसे खतरनाक रूप ‘डिजिटल अरेस्ट’ के खिलाफ आखिरकार वह दृढ़ता दिखाई है जिसकी इस समय में सबसे ज्यादा आवश्यकता थी. यह सिर्फ ऑनलाइन ठगी नहीं; यह नागरिकों के मनोविज्ञान, उनकी सुरक्षा भावना और न्याय व्यवस्था पर भरोसे पर किया गया संगठित हमला है. बीते वर्षों में हजारों लोग इस जाल में फंसे हैं, उनमें से कई वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और तकनीकी रूप से कम दक्ष लोग रहे हैं. अब जब सुप्रीम कोर्ट ने स्वयं संज्ञान लेकर इस नेटवर्क को लोहे के हाथों कुचलने की तैयारी दिखाई है, तो यह साइबर युद्ध में एक निर्णायक मोड़ बन सकता है. यह स्थिति इसलिए भी भयावह है कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ गिरोह अब तक 3,000 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी कर चुका है. यह कोई साधारण साइबर धोखाधड़ी नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार फैले संगठित आपराधिक गिरोहों का संयुक्त ऑपरेशन है,
जिसमें म्यांमार, लाओस, कंबोडिया, और थाईलैंड जैसे देशों से संचालित साइबर हब शामिल हैं. अपराधी पुलिस, एनआईए, या न्यायिक अधिकारियों के नाम पर वीडियो कॉल करते हैं, नकली वारंट और फर्जी न्यायिक आदेश दिखाते हैं और डराए धमकाए गए नागरिकों से मोटी रकम वसूल लेते हैं. यह धोखाधड़ी न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि भारतीय न्यायपालिका की प्रतिष्ठा पर भी सीधा प्रहार है. इसी गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉय माल्या बागची की बेंच ने स्पष्ट कहा है कि ऐसे अपराधों से आयरन हैंड्स, यानी लोहे की सख्ती से निपटना होगा. इस मामले में दरअसल सबसे महत्वपूर्ण चिंता यह है कि ठग न्यायालयों के जाली आदेश और न्यायाधीशों के फर्जी हस्ताक्षर का प्रयोग कर रहे हैं. यह न केवल एक आपराधिक कृत्य है, बल्कि न्यायपालिका पर जनता के भरोसे को कमजोर करने की सोची-समझी साजिश भी है. इसी कारण सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ अधिवक्ता एन.एस. नप्पिनई को अमीकस क्यूरी नियुक्त किया है, ताकि अदालत को तकनीकी और कानूनी दोनों स्तरों पर विशेषज्ञ सुझाव मिल सकें. अब सवाल यह है कि क्या केवल कानून-प्रवर्तन एजेंसियां ही इस लड़ाई को जीत सकती हैं ? इसका उत्तर है,नहीं. साइबर जगत की प्रकृति ही ऐसी है कि इसमें नागरिकों की जागरूकता, डिजिटल शिक्षा और व्यक्तिगत सावधानी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी कि पुलिस कार्रवाई. ‘डिजिटल अरेस्ट’ का पूरा जाल नागरिकों की भय-मन:स्थिति पर टिका है. अपराधी जानते हैं कि जब किसी के सामने पुलिस, कोर्ट या गिरफ्तारी का भय खड़ा किया जाता है, तो वह तुरंत तर्क करना बंद कर देता है. यही मनोवैज्ञानिक दबाव इस ठगी की सबसे बड़ी ताकत है. इसलिए, नागरिकों को स्पष्ट रूप से समझना होगा कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी का आदेश नहीं देती, न ही बैंक खाता या पैसा तुरंत ट्रांसफर करने को कहती है. हर संदिग्ध कॉल को तुरंत काटकर उसकी आधिकारिक वेबसाइट से सत्यापन करना ही सुरक्षा का पहला कदम है. यही जागरूकता इस अपराध की जड़ पर चोट कर सकती है. सुप्रीम कोर्ट की सख्त पहल एक स्वागत योग्य कदम है. यदि इसे केंद्र सरकार, राज्यों, और साइबर विशेषज्ञों की संयुक्त कार्रवाई का रूप दिया जाए, तो यह न केवल ‘डिजिटल अरेस्ट’, बल्कि संपूर्ण साइबर अपराध पर निर्णायक नियंत्रण का मार्ग खोल सकती है. देश की सर्वोच्च अदालत ने अपना दायित्व निभाया है ,अब बारी है कि सरकार, एजेंसियां और नागरिक मिलकर इस डिजिटल दानव को जड़ से उखाड़ फेंकें.
