
रीवा। रीवा जिले के गढ़ थाना अन्तर्गत तेंदुआ कोठार में रीवा-प्रयागराज हाइवे पर रविवार की शाम 4.30 बजे अनियंत्रित स्कार्पियो कार ने चार लोगो को कुचल दिया. मौके पर चार लोगो की मौत हो गई,जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए है. जिन्हे उपचार के लिये रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आक्रोशित ग्रामीणो ने सडक़ पर ही शव रखकर जाम लगा दिया. सूचना मिलने पर मौके पर मनगवां एसडीओपी सहित चार थानो की पुलिस पहुंची. खबर लिखे जाने तक हाइवे से शव नही हटाया गया और जाम लगा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक स्कार्पियो कार क्रमांक सीजी 07 सीएस 7987 तेज रफ्तार में रीवा से प्रयागराज की तरफ जा रही थी. जैसे ही तेंदुआ कोठार के पास पहुंची तो अनियंत्रित हो गई और सडक़ पर खड़े लोगो को कुचलते हुए एक मोटर साइकल को भी ठोकर मारी. चार लोगो की मौके पर ही मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गये. रामनरेश साकेत पिता रामसिया साकेत 35 वर्ष, रूचि साकेत पिता रामनरेश 12 वर्ष, रंजना साकेत पिता कन्हैया लाल साकेत पिता सभी निवासी तेंदुआ एवं कमलेश सिंह पिता रामसिया सिंह 45 वर्ष हर्रो थाना बारा प्रयागराज यूपी की मौके पर मौत हो गई. जबकि सुलेखा पति मुन्नीलाल, सौम्या पिता मुन्नीलाल एवं एक अन्य गंभीर रूप से घायल है, जिन्हे संजय गांधी अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती कराया गया है. आरोपी स्कार्पियो के चालक को पुलिस गढ़ थाने ले गई. भीषण सडक़ हादसे के बाद ग्रामीणो ने सडक़ पर जाम लगा दिया और शव को उठाने नही दिया. मौके पर मनगवां एसडीओपी सहित भारी संख्या में चार थानो का पुलिसबल पहुंचा. जहा ग्रामीणो एवं परिजनो को समझाइश दी जा रही है. लेकिन खबर लिखे जाने तक जाम नही खोला गया. दोनो तरफ हाइवे में सैकड़ो वाहन जाम में फसे हुए है. फिलहाल पुलिस समझाने में लगी है.
