अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। फिल्मों से दूर रहने के बावजूद वह अपने लग्जरी लाइफस्टाइल और फैशन सेंस को लेकर चर्चा में रहते हैं।
बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर का जन्म 9 नवंबर 1990 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता अनिल कपूर हिंदी सिनेमा के एवरग्रीन स्टार हैं, जबकि बहन सोनम कपूर स्टाइल आइकन के रूप में जानी जाती हैं। लेकिन बाकी कपूर फैमिली की तरह हर्षवर्धन अब तक फिल्मी दुनिया में कोई खास पहचान नहीं बना पाए हैं। बावजूद इसके, हर्षवर्धन कपूर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल, यूनिक फैशन सेंस और बोल्ड चॉइसेज के चलते लगातार चर्चा में बने रहते हैं।
हर्षवर्धन कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर अपना करियर शुरू किया था। हर्षवर्धन कपूर ने अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बॉम्बे वेलवेट’ में काम किया। इसके बाद 2016 में उन्होंने राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म ‘मिर्ज्या’ से डेब्यू किया। फिल्म से उम्मीदें काफी थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह औसत प्रदर्शन कर पाई। इसके बाद हर्षवर्धन कपूर ने ‘भावेश जोशी सुपरहीरो’ में एक नए तरह का किरदार निभाया, लेकिन यह फिल्म भी दर्शकों को प्रभावित नहीं कर सकी।
