शहर में एक दिन में चार घटनाएं, पांच लोगों की मौत

इंदौर:शहर में बुधवार को अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों और संदिग्ध मौतों ने लोगों को झकझोर दिया. कनाड़िया में बिल्डिंग से गिरने से एक युवक की मौत हो गई, पीपल्याहाना में निर्माणाधीन इमारत से गिरी ईंट ने एक मजदूर की जान ले ली, चोइथराम मंडी में एक हम्माल संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला, जबकि बाणगंगा क्षेत्र में तेज रफ्तार आइशर वाहन से टकराने पर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित करुणासागर अपार्टमेंट में रहने वाले शिवराज रघुवंशी का शव बुधवार सुबह बिल्डिंग के नीचे मिला. पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह रात में छत पर सोने या सिगरेट पीने गया था और नींद में संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया. घटना के समय वह अंडरगारमेंट्स में था. शिवराज निजी कंपनी में काम करता था, लेकिन हाल ही में उसकी नौकरी छूट गई थी. मूल रूप से गंजबासौदा निवासी शिवराज इंदौर में बड़े भाई के साथ रह रहा था.

उधर, पीपल्याहाना में निर्माणाधीन बिल्डिंग पर काम कर रहे गोविंद सोलंकी निवासी खंडवा के सिर पर ऊपर से ईंट गिर गई. गंभीर चोट लगने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है.चोइथराम मंडी में बुधवार सुबह 34 वर्षीय सतीश यादव निवासी हीरापुर (खरगोन) का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सतीश मंडी में हम्माली करता था. रात में वह उसी स्थान पर दिखाई दिया था. सुबह लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की तो उसकी मौत हो चुकी थी.

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौत नशे, बीमारी, हत्या या किसी अन्य कारण से हुई. मंडी में लंबे समय से नशाखोरी और अवैध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं. वहीं बाणगंगा थाना क्षेत्र में पोलोग्राउंड के पास देर रात तेज रफ्तार बाइक आइशर वाहन से जा टकराई. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में एक की पहचान रामराज निवासी लक्ष्मी नगर के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त की जा रही है. पुलिस ने आइशर वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

Next Post

जापान ओपन 2026 में पीवी सिंधु और ध्रुव-तनिषा का शानदार आगाज, स्टार जोड़ी सात्विक-चिराग चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर

Wed Jul 15 , 2026
टोक्यो, जापान ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत ने मिश्रित परिणामों के साथ शुरुआत की है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को सीधे सेटों में 21-14, 21-11 से हराकर दूसरे दौर में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उनके साथ ही मिश्रित […]

You May Like