रायसेन: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने रविवार को रायसेन जिले के सांची विधानसभा क्षेत्र के सलामतपुर मंडल के ग्राम खोह में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया।कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मन की बात ऐसा कार्यक्रम है.
जिसमें देश के हर वर्ग, हर समुदाय और हर क्षेत्र के लोगों की भावनाओं को प्रधानमंत्री मोदी जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि इस संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रेरणा और सकारात्मक सोच पहुंचाने का कार्य किया है।खंडेलवाल ने आगे कहा कि उन्हें गर्व है कि रायसेन जिला सदैव से आरएसएस का मजबूत गढ़ रहा है, और इस ऐतिहासिक भूमि पर कार्यकर्ताओं एवं जनता के साथ मन की बात सुनने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश में एकता, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी की भावना को और सशक्त बनाता है।इस दौरान पूर्व प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
