खजुराहो में वंदे भारत का भव्य स्वागत, बनारस से चली प्रीमियम ट्रेन ने जोड़ा विंध्याचल, चित्रकूट और बुंदेलखंड का सफर

खजुराहो। शनिवार दोपहर बाद खजुराहो रेलवे स्टेशन पर माहौल उत्सव जैसा था, फूलों से सजी स्टेशन बिल्डिंग, ढोल-नगाड़ों की गूंज और लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। बनारस से रवाना होकर पहली बार खजुराहो पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस का यहां गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के बनारस स्टेशन से खजुराहो के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह ट्रेन विंध्याचल, चित्रकूट, बांदा और महोबा जैसे छोटे शहरों के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात है। बनारस से सुबह करीब 8.40 बजे शुरू हुई यह यात्रा 7 घंटे 34 मिनट में पूरी करते हुए दोपहर 4.14 बजे खजुराहो पहुंची। रास्ते में हर स्टेशन पर लोगों ने तालियों, नारों और फूलों से ट्रेन का स्वागत किया।

कई स्टेशनों पर स्कूली बच्चे, एनसीसी और स्काउट्स ट्रेन में सवार हुए, जिनका उत्साह देखते ही बनता था। वहीं, मार्ग में हजारों लोगों ने मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो बनाकर इस ऐतिहासिक पल को कैद किया।

यह ट्रेन न केवल बुंदेलखंड क्षेत्र को बल्कि देश के प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों वाराणसी, प्रयागराज, विंध्याचल और खजुराहो को भी जोड़ती है। यह कदम क्षेत्रीय पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को नई दिशा देगा।

Next Post

हमारा दूसरा घर है केन्या : सीएम डॉ. यादव 

Sat Nov 8 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ मूल के सैकड़ों परिवार काफी लंबे समय से केन्या में रह रहे हैं। पिछले तीन वर्षों से इन दोनों राज्यों के मूल निवासी संगठित होकर बेहद प्रभावी तरीके से हमारी संस्कृति और हमारी परम्पराओं का गौरव बढ़ा रहे […]

You May Like