
बीना। शहर में शनिवार दोपहर नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। दोपहर करीब 12 बजे नगर पालिका कार्यालय में टीम एकत्रित हुई और गांधी तिराहे से अभियान की शुरुआत की गई।
कार्रवाई के दौरान फुटपाथों और सड़कों पर रखे सामान को जब्त किया गया तथा संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। अभियान गांधी चौराहा, महावीर चौक, स्टेशन रोड और सर्वोदय चौराहा क्षेत्रों में संचालित किया गया।
नगर पालिका टीम ने गुरुद्वारा से स्टेशन रोड की ओर बढ़ते हुए दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाया। तहसील कार्यालय के पास भी कई दुकानदारों द्वारा सड़क पर फैलाए गए सामान पर सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
इस दौरान गांधी चौराहा, मून होटल और सर्वोदय चौराहा पर कुछ दुकानदारों के साथ बहस की स्थिति बनी, लेकिन टीम ने बिना किसी दबाव के कार्रवाई जारी रखी। अभियान के अंत में लगभग 20,000 का जुर्माना वसूला गया और 17 दुकानों से सामान जब्त किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल कौरव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में नगर पालिका का पूरा अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी ताकि यातायात सुचारू रहे और आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
