
पुनीत दुबे पचमढ़ी। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पचमढ़ी पहुंचने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन की मजबूती और प्रदेश में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।
इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और वरिष्ठ नेता अशोक सिंह मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने नेताओं से प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर फीडबैक लिया और संगठन के जमीनी ढांचे को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक रविवार को होने वाले जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर से पहले की रणनीतिक बैठक थी, जिसमें पार्टी की भावी दिशा तय करने पर मंथन हुआ।
