
भोपाल। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा एक्स पर मिडिल स्कूल हुल्लपुर के छात्रों को कागज पर मध्याह्न भोजन परोसे जाने का वीडियो साझा करने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। वायरल वीडियो में बच्चे ज़मीन पर बैठकर अखबार पर भोजन करते दिखाई दे रहे थे, जिसे लेकर बड़ा सवाल खड़ा हुआ कि क्या यही है पोषण योजना का हाल?
वीडियो सामने आने के बाद शासन ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। बीईओ विजयपुर ने रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें जय संतोषी मां स्वयं सहायता समूह की गंभीर लापरवाही उजागर हुई। जांच में पाया गया कि समूह की ओर से 5 में से 2 रसोइए अनुपस्थित थे, जिससे बर्तन साफ नहीं हो पा रहे थे और भोजन परोसने में गड़बड़ी हुई।
मामले में कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने जय संतोषी मां स्वयं सहायता समूह का अनुबंध रद्द कर दिया है और विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। अब मध्याह्न भोजन की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन समिति को सौंपी गई है।
साथ ही, पूरे जिले में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की सख्त निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। सभी जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को पांच विद्यालयों का यादृच्छिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के लिए एक विशेष गूगल फॉर्म भी तैयार किया गया है, ताकि खामियों की पहचान कर सुधार किया जा सके।
