
जबलपुर। शनिवार सुबह जबलपुर की फिज़ा फिटनेस और देशभक्ति के रंगों से भर गई। मुख्यालय मध्य भारत एरिया के तत्वावधान में आयोजित एंटी-ओबेसिटी प्रोमो रन की शुरुआत सुबह 7 बजे कोबरा ग्राउंड, रिज रोड से हुई। लेफ्टिनेंट जनरल पी. एस. शेखावत, जनरल अफसर कमांडिंग, मध्य भारत एरिया, और श्रीमती राजलक्ष्मी शेखावत, अध्यक्षा, परिवार कल्याण संगठन, मध्य भारत एरिया ने हरी झंडी दिखाकर रन को रवाना किया।
प्रोमो रन में 3 किमी की दौड़ में महिलाओं और स्कूली बच्चों ने जोश से भाग लिया, जबकि 5 किमी रन में सैन्य अधिकारी, जवान, अग्निवीर और एनसीसी कैडेट्स दौड़े। जो कोबरा ग्राउंड से होते हुए होशियार सिंह द्वार, समन्वय चौक, शौर्य स्थल, टैगोर गार्डन, सदर बाजार से वापसी कोबरा ग्राउंड में समाप्त हुई।
शहर की सड़कों पर दौड़ते युवाओं और बच्चों ने फिटनेस ही देशभक्ति है का संदेश दिया। रास्ते भर शहरवासी ताली बजाकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते रहे।
दौड़ के बाद भैरों ताल झील किनारे पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की देखभाल का संकल्प लिया और हरित जबलपुर का संदेश दिया।
फिटनेस सिर्फ एक लक्ष्य नहीं, बल्कि सैनिक जीवन का संस्कार
जनरल शेखावत ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य मोटापे के प्रति जागरूकता फैलाना, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। फिटनेस सिर्फ एक लक्ष्य नहीं, बल्कि सैनिक जीवन का संस्कार है। उन्होंने आगे बताया कि सूर्या हाफ मैराथन शहर के प्रसिद्ध स्थलों से होकर गुजरेगी और यह जबलपुर की फिटनेस संस्कृति का प्रतीक बनेगी।
