
नई दिल्ली, 08 नवम्बर: पाकिस्तान एक बार फिर सोने की धरती बनने के सपने देखने लगा है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मशहूर तरबेला बांध के नीचे 636 अरब डॉलर मूल्य का सोना छिपा होने का चौंकाने वाला दावा किया गया है। पाकिस्तान फेडरल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनीफ गौहर ने यह दावा किया, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना और सरकार के बीच कई अहम बैठकें शुरू हो चुकी हैं।
तरबेला बांध पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सिंधु नदी पर बना हुआ है और इसे दुनिया का सबसे बड़ा मिट्टी से बना बांध माना जाता है। गौहर ने बीबीसी उर्दू को बताया कि तरबेला से लिए गए सैंपल में सोने की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। यह दावा देश की आर्थिक मुश्किलों के बीच एक आशा की किरण के रूप में देखा जा रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान में सोने की खदान की चर्चा हुई हो। इससे पहले 2025 में पंजाब प्रांत के अटक जिले में 700 अरब पाकिस्तानी रुपये मूल्य का सोना होने का दावा किया गया था, लेकिन कोई ठोस खोज नहीं हो पाई थी। 2021 में भी अटक इलाके में सोने की अफवाह पर खुदाई शुरू हुई थी, लेकिन बाद में लिए गए सैंपल में कोई कीमती धातु नहीं पाई गई थी। अब सरकार और सेना की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
