इंदौर: एमवाय अस्पताल में मरीजों के परिजनों को झांसा देकर एक युवक ने इलाज के नाम पर हजारों रुपये ऐंठ लिए. ठग खुद को डॉक्टरों से जुड़ा बताकर कहता था कि वह ऑपरेशन अच्छे से करवा देगा, लेकिन इसके लिए कुछ पैसे लगेंगे. इसी बहाने उसने तीन लोगों से करीब 22 हजार रुपए हड़प लिए.अजय सोलंकी निवासी धार अपनी मां को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लाए थे.
31 अक्टूबर की दोपहर करीब ढाई बजे जब वह ऑपरेशन थियेटर के बाहर बैठे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति आया और उनके जीजा राहुल पटेल से बोला कि उनकी मां का ऑपरेशन अच्छे से करवा देगा, पर इसके लिए कुछ पैसे देने होंगे. भरोसा करके राहुल ने आरोपी के बताए मोबाइल नंबर और बारकोड पर 8 हजार रुपए भेज दिए.
आरोपी ने इसी तरह अस्पताल में मौजूद दो अन्य परिजनों सडिया पिता सुखलाल से 5 हजार और गोलू अय्यर पिता अमर सिंह से 9 हजार रुपये भी “बेहतर इलाज” के नाम पर वसूले. पीड़ितों की शिकायत पर थाना संयोगितागंज पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस अब अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ठग की तलाश कर रही है.
