
सतना,. शहर के स्टेशन रोड पर गुरुवार शाम नगर निगम और यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। इस दौरान 50 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए, जिनमें ओवर ब्रिज के नीचे और वेंकटेश लोक के आसपास सडक़ पर खड़े हाथ ठेले, पान की गुमटियां शामिल थीं। दुकान के बाहर फैला सामान भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान व्यापारियों को सख्त हिदायत दी गई कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता प्रभारी अरविंद सिंह और यातायात सूबेदार रामदेवी राय के नेतृत्व में निगम कर्मियों ने हाथ ठेले और गुमटियों को जब्त किया।
इस कार्रवाई से स्टेशन रोड पर फुटपाथियों में हडक़ंप मच गया। कई लोग टीम को देखकर अपने ठेले लेकर भाग निकले। वहीं, दुकान के बाहर सामान फैलाकर रखने वाले कई व्यापारियों ने कार्रवाई के दौरान स्वेच्छा से अपना सामान हटा लिया।
जारी रहेगी कार्रवाई
अतिक्रमण दस्ता प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि शहर के बाजार क्षेत्र में सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ यह मुहिम जारी रहेगी। उन्होंने सडक़ किनारे हाथ ठेला और गुमटी लगाने वालों को चौपाटी के लिए निर्धारित जगह पर शिफ्ट होने की चेतावनी दी है। दोबारा सडक़ किनारे पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
