इंदौर:लसूड़िया थाना क्षेत्र के सिंगापुर ग्रीन व्यू प्रीमियम कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश सोने का हार और नकदी लेकर फरार हो गए. घटना का पता तब चला जब गृहस्वामी शाम को घर लौटे.फरियादी 31 वर्षीय रजत हाड़े, निवासी 289 एनएक्स सिंगापुर ग्रीन व्यू प्रीमियम, ने पुलिस को बताया कि वह सुबह घर से निकले थे.
शाम करीब साढ़े छह बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे और अंदर के दरवाजे के ताले टूटे हुए थे. अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ था और आलमारी से सोने का हार व नकदी रकम गायब थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ जांच की. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके.
