
सीधी: शहर में अवैध रूप से लगी होर्डिंग्स पर नगर पालिका द्वारा बुधवार को कार्रवाई शुरू की गई। नवीन बस स्टैंड से शुरू हुई यह कार्रवाई कन्या महाविद्यालय के सामने पहुंचते ही अचानक रोक दी गई, जिससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल ने 29 अक्टूबर को तीन दिन में सभी अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश दिए थे।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी से कुछ होर्डिंग्स हटाई गईं, लेकिन उमा ग्राफिक्स संचालक की होर्डिंग तक पहुंचने पर कार्रवाई रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अतिक्रमण प्रभारी को किसी का फोन आने के बाद कार्रवाई रोक दी गई। नगरवासियों ने इसे पक्षपातपूर्ण बताते हुए विरोध जताया है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या कल फिर कार्रवाई होगी या नगर पालिका की यह कार्यवाही सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह जाएगी।
