
मंडला. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के आमाडोंगरी गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पप्पू मरावी ने घरेलू विवाद के चलते अपने 55 वर्षीय पिता नरबद की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी अनुसार निवास पुलिस को 1 नवंबर की रात निवास अस्पताल से नरबद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर घर के अंदर खून बिखरा मिला, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। बताया गया कि विवाद के बाद पिता जब गंभीर रूप से घायल हो गए, तो आरोपी पुत्र पप्पू मरावी ही उन्हें अस्पताल लेकर आया और पुलिस को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि पिता गिरकर घायल हुए हैं। हालांकि चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीएम रिपोर्ट से खुला राज :
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि मृतक नरबद की मृत्यु पर मर्ग कायम किया गया था। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक के गले में गहरे चोट के निशान और खून का रिसाव पाया गया। इसके बाद पुलिस का शक बेटे पर गहराया। रिमांड में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर पुत्र ने स्वीकार किया कि खाना खाने को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने परखी (अनाज निकालने में प्रयुक्त नोकदार वस्तु) से पिता पर हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुत्र ने ही अपने पिता का अंतिम संस्कार भी किया था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
