
टीकमगढ़। बंडा नहर की सफाई और अतिक्रमण हटाने के बाद स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका द्वारा नहर की मरम्मत का काम शुरू न करने से पेयजल आपूर्ति ठप है और खुली नहर से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। सोमवार को मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर विवेक श्रोतिय को ज्ञापन सौंपकर जल्द काम शुरू कराने की मांग की।
दरअसल, बारिश के मौसम से पहले जिला प्रशासन ने महेंद्र सागर तालाब से वृंदावन तालाब को जोड़ने वाली बंडा नहर की सफाई कराई थी। इस दौरान अंबेडकर चौराहा से खाड़ी आश्रम तक नहर के ऊपर बने अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन के सहयोग से अधिकांश लोगों ने स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटाए थे। नगर पालिका ने तब नहर का पक्का निर्माण और फुटपाथ बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक यह काम शुरू नहीं हुआ है।
