
इंदौर. कानूनगो बाखल इलाके में देर रात रेडीमेड की दुकान पर विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई. महिला कर्मचारी से बदसलूकी का विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने दुकान संचालक के साथ गाली-गलौज कर हाथापाई की.
घटना रात करीब 9 बजे की है. छोटे लियाकती नामक व्यक्ति अपनी रेडीमेड की दुकान पर था, तभी मोहम्मद शोएब नामक युवक वहां आया और दुकान पर काम करने वाली महिला कर्मचारी से अभद्र भाषा में बात करने लगा. जब दुकानदार ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया. बताया गया कि मोहम्मद शोएब और उसके यहां काम करने वाला युवक उजेल अंसारी ने बीच बाजार में दुकानदार से गाली-गलौज की और मारपीट कर दी. इसके बाद दोनों अपने दो अन्य साथियों के साथ दुकान के अंदर घुस गए और फिर से हाथापाई की. सराफा पुलिस ने घटना के बाद मोहम्मद शोएब, उजेल अंसारी और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
