कोलगवां कोतवाली बनी राजनीति का अखाड़ा, घंटों होती रही नारेबाजी

सतना, . सांसद थप्पड़ काण्ड ने शनिवार की शाम अचानक राजनैतिक रूप उस समय ले लिया जब कांग्रेस विधायक जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा क्रेन आपरेटर के परिजनों को लेकर थाने पहुंच गए. कोलगवां थाने पहुंचे परिजनों का कहना था कि आपरेटर रात से गायब हैं उसकी सुरक्षा की जाए.

मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने शुक्रवार को भी इस घटना को लेकर सोशल मीडिया में अपनाबयान जारी किया था. जिसमें उन्होंने इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की थी. शनिवार की शाम तेजी से बदले घटनाक्रम में आपरेटर गणेश कुशवाहा की पत्नी के साथ थाने पहुंचे विधायक ने पुलिस पर इस बात का दबाव बनाया कि परिजनों की शिकायत पर घटनाक्रम को लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाए. पुलिस ने लिखित शिकायत लेकर जांच के उपरान्त मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया. हालांकि कांग्रेस विधायक इस बात अड़े रहे कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जाए. धीरेधीरे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की संख्या थाने में बढ़ता देख भारतीय जनता पार्टी के लोग भी इस मामले में सक्रिय हुए. विधायक ने धरने पर बैठने की बात करके मामले को तूल दे दिया. आनन फानन में शहर के तीनों थानों से बल कोलगवां थाने बुला लिया गया. इसके बावजूद भी माहौल गहराने लगा.  दूसरी तरफ भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पाण्डेय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम भी थाने पहुचा और दोषी आपरेटर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की मांग करने लगा. बाद में सीएसपी को सौंपे ज्ञापन में भाजपा ने आपरेटर के विरुद््ध मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए हत्या के प्रयास का मुकदमा  दर्ज करने का उल्लेख ज्ञापन में किया है.

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने दी चेतावनी

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने फोन पर नगर पुलिस अधीक्षक से बातचीत में पीडि़त परिवार के पक्ष में मुकदमा दर्ज किये जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया जाता तो वे स्वयं 50 हजार कार्यकर्ताओं को लेकर आएगे और थाने का घेराव करेंगे. बताया जाता है कि भाजपा कार्यकर्ता ने इस बात का विरोध करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष के मुर्दावाद के नारे भी लगाए.

दिया सात दिन का समय

मामले में दोनों पक्ष की बातें सुनने के बाद पुलिस ने कांग्रेस को सात दिन की मोहलत लेते हुए घटनाक्रम की जांच का आश्वासन दिया  है. इसी प्रकार भाजपा के भी लोगों को ज्ञापन लेने के पश्चात उचित कार्यवाई का आश्वासन दिया है.

Next Post

चौक चौराहों पर कफ सिरप बेचने वाला धराया

Sun Nov 2 , 2025
सतना। ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत रामनगर थाना पुलिस ने चौक चौराहों पर कफ सिरप बेचने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 16 शीशी सिरप जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंतीबद्ध किया गया है। यह कार्रवाही निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई है। […]

You May Like