
इटारसी। नगर के प्रतिष्ठित श्री दुर्गा नवग्रह मंदिर, लकड़गंज में परंपरानुसार इस वर्ष भी तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। वर्ष 1971 से निरंतर आयोजित हो रहे इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में कुमारी सृष्टि मालवीय ने तुलसी का वेश धारण किया, जबकि कुमारी मेघा पटेल ने शालिग्राम की भूमिका निभाई। विवाह संस्कार पंडित सत्येंद्र पांडेय एवं पंडित पीयूष पांडेय द्वारा वैदिक रीति-विधि से संपन्न कराए गए।
यजमान के रूप में शिक्षक सुनील दुबे एवं श्रीमती किरण दुबे ने तुलसी का कन्यादान किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद पगारे, सचिव जितेंद्र अग्रवाल (बबलू), कोषाध्यक्ष दीपक जैन, तथा सदस्य सुरेंद्र राजपूत सोनी, घनश्याम तिवारी, ओमप्रकाश कैथवास, उदित दुबे, शिवराज डोनी, संकल्प मौर्य, मयंक कलोसिया और अशोक सराठे सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु उपस्थित रहीं।
विवाह के उपरांत जोरदार आतिशबाजी, बारातियों का स्वागत और मिष्ठान वितरण किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्ति और उत्सव के माहौल से गूंज उठा।
