
जबलपुर। सक्रिय मौसम प्रणालियों ने मौसम बिगाड़ दिया है। मौसम में अचानक बदलाव आने के साथ तापमान में उतार चढ़ाव का दौर चल रहा है। शनिवार को सुबह से बादलों का डेरा था। दिनभर बादलों और सूर्यदेव के बीच आंख मिचौली का खेल चलता रहा। सूर्यदेव निकलने को बेताब रहे लेकिन बादल के सामने सूरज की नहीं चल सकी। मौसम के बदले मिजाज से रात और सुबह गुलाबी ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग की माने तो बादलों का आसमान से साया हटने के ही ठंड तेवर दिखायेगी। आज जिले में वर्षा की संभावना है। इसके साथ ही रात का तापमान बढऩे के आसार है। सोमवार से बादल हट जाएंगे एवं हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पूर्व हो जाएगी। इसके बाद 13 नवंबर तक वर्षा के असार नहीं है। शनिवार को अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 93 और शाम को 85 प्रतिशत दर्ज हुई। उत्तर-पूर्वी हवाएं हवाएं तीन किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग के मुताबिक एक निम्न दबाव क्षेत्र, पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र के उत्तरी हिस्सों और निकटवर्ती क्षेत्रों अवस्थित है व इससे संबंधित चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढऩे और अगले 12 घंटों के दौरान कमज़ोर पडऩे की संभावना है। ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, दक्षिण म्यांमार तट और निकटवर्ती उत्तरी अंडमान सागर पर माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से, अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। 3 नवंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
