मेला प्राधिकरण रच रहा दुकानें छीनने की साज़िश, सड़क तक संघर्ष के लिए व्यापारियों ने कमर कसी

ग्वालियर: “मेला प्राधिकरण के कर्ताधर्ताओं ने गुपचुप ढंग से सैकड़ों दुकानदारों की सूची बना ली है, जिन पर कैंची चलाकर राजनीति और प्रशासन में रसूख रखने वाले अपने उन कारोबारी मित्रों को उपकृत करने की तैयारी कर ली है। ग्वालियर व्यापार मेला के दुकानदार अपनी एकजुटता एवं इंसाफ के लिए संघर्ष का जज्बा बनाए रखकर ऐसी व्यापार विरोधी साजिशों को न सिर्फ नाकाम करेंगे बल्कि ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देकर मेला प्राधिकरण भवन से लेकर सड़क तक संघर्ष करेंगे।”

यह ऐलान किया है ग्वालियर मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया एवं संयुक्त अध्यक्ष व प्रवक्ता अनिल पुनियानी ने। पदाधिकारीद्वय ने रोष जताते हुए कहा कि ऐसे वक्त जब मेला प्राधिकरण द्वारा तैयार किया गया ऑनलाइन पोर्टल ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा है और आए दिन सर्वर डाउन एवं बिजली गुल रहने के चलते कंप्यूटरों के काम न करने से बड़ी संख्या में सुपात्र दुकानदार भी ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं, इसके बावजूद मेला प्राधिकरण ने बेहद जल्दबाजी दिखाते हुए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख छह नवंबर निर्धारित कर दी है।

मेला प्राधिकरण यह अच्छी तरह जानता है कि वर्तमान अव्यवस्था और अफरातफरी के चलते किसी भी सूरत में सभी पात्र दुकानदारों के छह नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन करना असंभव है, ऐसी स्थिति में प्राधिकरण को पुराने दुकानदारों को दुकानों से वंचित करने और मनचाहे नए लोगों को दुकानें आवंटित करने का मौका मिल जाएगा। मेला प्राधिकरण के कर्ताधर्ता इसी फिराक में हैं, जिसे मेला के पुराने दुकानदार किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने देंगे भले ही इसके लिए उन्हें आमरण अनशन या आत्मदाह कर अपनी जान ही क्यों न देनी पड़े।

Next Post

भिंड में किन्नरों के बीच वर्चस्व की जंग, मामला एसपी ऑफिस में, दूसरे पक्ष पर शहर छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप

Sat Nov 1 , 2025
भिंड: शहर के बीटीआई रोड स्थित संतोष नगर में रहने वाले किन्नर समाज के बीच वर्चस्व की जंग अब एसपी ऑफिस तक पहुंच गई है। कोमल किन्नर अपने दो साथियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की धमकी दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों […]

You May Like