
सीधी।लगातार हो रही बेमौसम बारिश से जिले भर के किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी धान, मूंग, उड़द, अरहर सहित अन्य फसलें पानी में डूबकर सड़ गई हैं। वहीं कई स्थानों पर कटाई के लिए तैयार धान की फसल गिर गई है और कुछ जगहों पर कटी हुई फसल खेतों और खलिहानों में सड़ने लगी है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के प्रतिनिधि मण्डल ने जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने बताया कि बेमौसम वर्षा ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। जिले के हजारों किसान इस आपदा से प्रभावित हैं और उनकी आजीविका पर गहरा संकट उत्पन्न हो गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन में प्रशासन से मांगें की है कि
जिले के सभी प्रभावित गांवों में तत्काल फसलों का सर्वे कराया जाए।
सर्वे के आधार पर किसानों को मुआवजा एवं आर्थिक सहायता राशि शीघ्र प्रदान की जाए।
कृषि ऋण वसूली पर रोक लगाई जाए और ऋण अवधि बढ़ाई जाए।
प्रभावित क्षेत्रों को आपदा ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया जाए।राजस्व, कृषि एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें।
ज्ञान सिंह ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव किसानों के साथ खड़ी रही है और इस संकट की घड़ी में भी किसानों के अधिकार और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।कांग्रेस ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि किसानों को राहत पहुंचाने के लिए शीघ्र सर्वे कर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
