बिहार चुनाव प्रचार के दौरान बृजभूषण शरण सिंह के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग; खराब मौसम में फंसे नेता बोले- शायद उसी मुस्लिम बच्ची की दुआ से मेरी जान बची

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान भाजपा के बडे नेता और कैसरगंज से सांसद बृजभूषण शरण सिंह के साथ एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना गुरुवार शाम की है, जब वे भोजपुर जिले की संदेश विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी के लिए प्रचार कर लौट रहे थे। सभा खत्म कर वे जैसे ही हेलीकॉप्टर से रवाना हुए, अचानक मौसम बिगड़ गया। आसमान में घने बादल छा गए, तेज बरसात शुरू हो गई और दृश्यता इतनी कम हो गई कि पायलट को आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को भोजपुर जिले में एक खेत में आपात स्थिति में उतारा।

इस घटना के बाद बृजभूषण सिंह ने भावुक होकर कहा कि उनकी जान शायद उस मुस्लिम बच्ची की दुआ से बची, जिसने सुबह पटना एयरपोर्ट पर उनके साथ फोटो खिंचवाने की जिद की थी। उन्होंने बताया कि सुबह जब वे पटना एयरपोर्ट से निकल रहे थे, तभी एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ जा रही थी। बच्ची ने उनके साथ फोटो खिंचवाने की जिद की, लेकिन उसकी मां उनके पहनावे (पगड़ी और माला) को देखकर हिचकिचा रही थीं। तब उन्होंने खुद बच्ची को बुलाकर फोटो खिंचवाई और अब उनका मानना है कि उसी बच्ची की मासूम मुस्कान और सच्चे दिल से निकली दुआ ने उनकी जान बचाई।

बृजभूषण सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बताया कि संदेश विधानसभा से निकलने के पाँच मिनट बाद ही आसमान में काले बादल छा गए और पायलट को सामने दिखना बंद हो गया। तब इंजीनियर ने किसी तरह खेत का एक टुकड़ा देखकर सुरक्षित लैंडिंग कराई। हेलीकॉप्टर उतरते ही आसपास के ग्रामीण दौड़कर मदद के लिए पहुंच गए और उन्होंने ही पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। बृजभूषण सिंह का यह भावनात्मक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे इंसानियत से जोड़कर देख रहे हैं।

Next Post

बंगाल में 'इंडिया' गठबंधन में दरार: SIR पर अकेली पड़ीं ममता; TMC ने बताया 'साजिश', जबकि कांग्रेस ने केवल प्रक्रिया के 'तरीके' पर जताया विरोध

Fri Oct 31 , 2025
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2025 : बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट दिखने वाला ‘इंडिया’ गठबंधन पश्चिम बंगाल में बिखरता हुआ नजर आ रहा है। 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले SIR का यह मुद्दा बंगाल की राजनीति में बड़ा भूचाल ला […]

You May Like