
भोपाल: नरेला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अशोका गार्डन इलाके में गुरुवार को स्मार्ट बिजली मीटर लगाने की कार्रवाई के दौरान फिर से हंगामा हो गया। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में स्थानीय रहवासियों ने बिजली विभाग की टीम का विरोध किया और आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी रहवासी क्षेत्रों में जबरन मीटर लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
रहवासियों ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया नियमों के विपरीत की जा रही है और उपभोक्ताओं से किसी प्रकार की सहमति नहीं ली गई है। जिन उपभोक्ताओं ने विरोध जताया, उन्हें सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज करने की धमकी दी जा रही है।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने अधिकारियों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि जबरदस्ती जारी रही तो कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव करेगी।
इस मौके पर आरती बोरबन, तारिक अली, अहमद खान और बिजेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे।
