हरदा: किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने हरदा कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता कलेक्टर को बुलाने के लिए दंडवत करते हुए कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, वहीं परिसर में रघुपति राघव राजा राम का भजन गूंजने लगा। टिमरनी विधायक अभिजीत शाह गेट पर चढ़कर अंदर घुस गए, जिससे कांग्रेसजनों और पुलिस के बीच हल्की झड़प हो गई। स्थिति को संभालने एडीएम पुरुषोत्तम कुमार और एएसपी अमित कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और विधायकों से चर्चा की।
करीब दो घंटे बाद कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को ज्ञापन सौंपा गया।कांग्रेस ने अपनी सात सूत्रीय मांगों में जिले को आपदा ग्रस्त घोषित करने, किसानों को 30,000 प्रति हेक्टेयर राहत राशि देने, फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी, नगद भुगतान और बिजली-बैंक वसूली रोकने की मांग रखी। प्रदर्शन में विधायक डॉ. आर.के. दोगने, अभिजीत शाह, धर्मेंद्र चौहान, मोहन विश्नोई, लक्ष्मीनारायण पंवार सहित कई नेता मौजूद रहे।
