
शुजालपुर। मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी शाजापुर डॉ. कमला आर्य बुधवार की सुबह ओपीडी खुलने के समय उपरांत सिविल अस्पताल शुजालपुर औचक निरीक्षण करने पहुंची तो अस्पताल से 90 प्रतिशत चिकित्सक अनुपस्थित मिले. सीएमएचओं के अस्पताल में आने की खबर पर आनन फानन में कर्तव्य पर चिकित्सक आए. अस्पताल में समय से देरी पर आए चिकित्सकों को सूचना पत्र जारी करने की बात कही गई.
मिली जानकारी अनुसार सीएमएचओं डॉ. आर्य सुबह लगभग 9.30 बजे अस्पताल पहुंची तो यहां ड्यूटी पर आने वाले 16 में से 2 चिकित्सक कर्तव्य पर मिले. शेष चिकित्सक अस्पताल में देरी से आए. हालांकि यह स्थिति प्रत्येक कर्तव्य दिवस पर देखी जाती है, अस्पताल में ओपीडी का समय प्रात: 9 बजे से प्रारंभ होता है. सीएमएचओं ने अपने निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर का भ्रमण किया और मरीजों से भी चर्चा की. अस्पताल परिसर में मौजूद गंदगी और परिसर में ही कबाड रखा होने पर सीएमएचओं ने इसे दुरूस्त करने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि जो अनुबंध पर चिकित्सक सेवाएं दे रहे है उनकी व्यवस्था अस्पताल में एक स्थान पर की जाए. अस्पताल के काउंटर पर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शुल्क जमा करने का समय 10 से 12 निर्धारित करने और इसका बोर्ड लगाए जाने पर भी सीएमएचओं ने एतराज जताते हुए कहा कि अस्पताल का जो कार्यालयीन समय है उस पुरे समय में रसीद कटना चाहिए. सीएमएचओं ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों सहित अन्य लोगों को परेशानी न हो इस तरह की व्यवस्था की जाए.
