
बेगमगंज। नगर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित मुकरबा मोहल्ले के रहवासियों ने श्मशान घाट की भूमि बीना नदी डेम के डूब क्षेत्र में आने से गहरी चिंता जताई है। इस संबंध में नागरिकों ने एसडीएम के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार शुक्ला को सौंपते हुए श्मशान घाट के लिए वैकल्पिक भूमि आवंटित करने की मांग की है।
रहवासियों ने बताया कि बीना परियोजना बांध बनने से श्मशान घाट की भूमि डूब जाने से अंतिम संस्कार में कठिनाई हो रही है। वर्तमान में उन्हें भोपाल रोड स्थित श्मशान घाट तक करीब डेढ़ किलोमीटर दूर शव ले जाना पड़ता है, जिससे दो घंटे तक की मशक्कत करनी पड़ती है। उन्होंने मांग की है कि निकट क्षेत्र में ही शासकीय भूमि आवंटित कर नया श्मशान घाट बनाया जाए, ताकि लोगों को यह समस्या न झेलनी पड़े।
