उज्जैन: धार्मिक और पर्यटन नगरी उज्जैन के विकास को नई दिशा देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने उज्जैन-झालावाड़ फोर-लेन परियोजना के पहले चरण के लिए टेंडर जारी कर दिया है. एनएच-552जी का यह खंड ग्राम खिलचीपुरा से तनोड़िया तक लगभग 43 किमी लंबा होगा, जिस पर 792 करोड़ रुपये की लागत आएगी. परियोजना का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मोड पर किया जाएगा.
यह फोर-लेन मार्ग सिंहस्थ महाकुंभ 2028 के लिए मील का पत्थर साबित होगा, जिससे मध्यप्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालुओं को महाकाल नगरी तक सुगमता से पहुंचने में मदद मिलेगी. साथ ही महाकाल मंदिर, नलखेड़ा बगलामुखी और राजस्थान के धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन आसान होगा. टेंडर जारी होने के बाद निर्माण एजेंसी के चयन और भूमि अधिग्रहण के बाद कार्य प्रारंभ होगा. यह परियोजना उज्जैन को आधुनिक कनेक्टिविटी की दिशा में बड़ी सौगात देगी.
