
देवास। ऑपरेशन “त्रिनेत्रम” के तहत देवास पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय गिरोह और एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने कुल तीन अलग-अलग वारदातों में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और वाहन सहित करीब ₹23.50 लाख का मशरुका जब्त किया है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन ज़ोन उमेश जोगा, पुलिस उपमहानिरीक्षक उज्जैन रेंज नवनीत भसीन के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा।
पहली वारदात – मारुति वैन चोरी का खुलासा
थाना कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मण नगर से एक मारुति वैन चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच से पुलिस ने आरोपी रफीक पिता हुसैन शाह (51 वर्ष), निवासी लंगापुरा, थाना आष्टा, जिला सीहोर को वाहन सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से ₹4 लाख की मारुति वैन बरामद की गई।
दूसरी वारदात – सूने मकान से 10 लाख की चोरी
नावेल्टी चौराहा क्षेत्र में स्थित एक मकान से सोने-चांदी के आभूषण और बैंक एफडीआर सहित ₹19 लाख का माल चोरी हुआ था। तकनीकी और सीसीटीवी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने अमजद पिता अहमद हुसैन (35 वर्ष), निवासी आगर नाका उज्जैन और कमल पिता नरेन्द्र सोनी (45 वर्ष), निवासी बड़ा तेलीवाड़ा, उज्जैन को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए गए। आरोपी अमजद पर पहले से 21 अपराध दर्ज हैं।
तीसरी वारदात – शिवाजीनगर में सूने मकान से नकदी चोरी
मोती बंगला रोड स्थित एक सूने मकान से ₹50 हजार की चोरी के मामले में पुलिस ने जबरसिंह पिता हरसिंह, कालू पिता पारसिंह मीणा तथा बबलू पिता शेतान सिंह वसुनिया, तीनों निवासी ग्राम भटकुंड, थाना सोनकच्छ, जिला देवास को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी गया नगदी मशरुका बरामद किया गया।
देवास पुलिस द्वारा जनसहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से तीनों मामलों का खुलासा हुआ। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, सचिन सोनगरा, प्रआर हेमंत डाबी, मनोज पटेल, सुनील देथलिया, नवीन देथलिया, रवि गरोड़ा, जितेंद्र पटेल, गोपाल दोहरे, अर्पित श्रीवास्तव, अनिल मणी, राकेश वर्मा, वैभव, सुजीत, मनीष देथलिया, शिव वसुनिया, राजेश गुप्ता, गोपाल ठाकुर, सुरज सिकरवार एवं सायबर सेल के प्रआर सचिन चौहान व शिवप्रताप सिंह सेंगर की सराहनीय भूमिका रही।
