टीकमगढ़: मोहनगढ़ क्षेत्र के मझगुंवा के बिहार ग्राम में बिजली बिल बकायादारों से वसूली और जब्ती की कार्यवाही के दौरान हंगामा हो गया। विद्युत मंडल की टीम जब ग्रामीणों के अवैध पंप मोटर जब्त कर रही थी, तभी कुछ ग्रामीणों ने टीम पर हमला बोल दिया। उन्होंने विभागीय वाहन को रोककर जब्त की गई मोटरें छीन लीं और टीम के साथ मारपीट भी की।
सूत्रों के अनुसार, सहायक अभियंता नितिन बाथम के नेतृत्व में टीम अस्थायी कृषि पंप कनेक्शनों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान बिहार निवासी रामस्वरूप अहिरवार के यहां अवैध मोटर पाई गई, जिसे जब्त कर टीम कार्यालय ले जा रही थी। तभी रामस्वरूप अहिरवार, अजय अहिरवार, सोनू अहिरवार और सुकन अहिरवार ने रास्ता रोक लिया। जगभान सिंह यादव ने भी अपनी बोलेरो गाड़ी आगे खड़ी कर दी।
आरोप है कि इन सभी ने मिलकर विभागीय कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिससे उनके कपड़े फट गए और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। उन्होंने विभाग की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की, जिससे नेम प्लेट और साइड ग्लास क्षतिग्रस्त हो गए।हमलावरों ने वाहन से अपनी जब्त मोटर समेत पहले से जब्त की गई कुल सात मोटरें छीन लीं, जिनमें गंगाराम यादव, जयराम आदिवासी, कलुआ अहिरवार, जगभान यादव, मंगू यादव, राजू खंगार और रानू सेन की मोटरें शामिल थीं।
आरोपियों ने टीम को धमकी दी कि यदि रिपोर्ट दर्ज कराई गई तो उन पर अनुसूचित जाति एक्ट और छेड़छाड़ के झूठे आरोप लगाए जाएंगे। मामले की शिकायत पर सहायक अभियंता नितिन बाथम ने मोहनगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
