
छतरपुर। जिले में एआईआर (एनुअल इंटीग्रेटेड रिविजन) के तहत वोटर्स की सर्वे प्रक्रिया जारी है। इस सर्वे के लिए जिले के लगभग 1114 शिक्षकों को बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) बनाया गया है। ये शिक्षक 4 दिसंबर तक ड्यूटी पर रहेंगे और इस दौरान घर-घर जाकर वोटरों की जानकारी जुटा रहे हैं।
हालांकि, इस ड्यूटी का सीधा असर जिले के करीब 16 हजार छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। जिन शिक्षकों को बीएलओ की जिम्मेदारी दी गई है, उनके विषयों की कक्षाएं अब नियमित रूप से नहीं हो पा रही हैं। वहीं, दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा नजदीक होने के कारण छात्रों की चिंता और बढ़ गई है।
जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 14 लाख से अधिक
जिले में 4 अक्टूबर 2023 के सर्वे के अनुसार कुल मतदाता संख्या 14,18,815 है, जिसमें 7,54,022 पुरुष, 6,64,770 महिलाएं और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले का ईपी रेशियो 64.89 और जेंडर रेशियो 882 है।
छतरपुर विकासखंड में सबसे अधिक 256 बीएलओ
छतरपुर विकासखंड में 256 बीएलओ, नौगांव में 267, बिजावर में 181 और घुवारा में 103 शिक्षकों को नियुक्त किया गया है। जिले में 1,586 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। लगातार दो महीनों से शिक्षकों को सर्वे ड्यूटी में लगाया जा रहा है, जिससे माध्यमिक और उच्चतर विद्यालयों की पढ़ाई पर असर देखा जा रहा है।
