मुंबई, 02 जुलाई (वार्ता) मनोरंजन, ओटीटी, टेलीविजन, फैशन, लाइफस्टाइल और फिटनेस जगत की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित आइकॉनिक गोल्ड स्ट्रीमिंग अवॉर्ड्स 2026 का पहला संस्करण भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में अनिल कपूर, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी, मनोज बाजपेयी, रणदीप हुड्डा, राधिका मदान, प्रिया बापट, मानवी गगरू, रवि किशन, रूपाली गांगुली, मोना सिंह, नेहा धूपिया, ज्योतिका, श्रिया सरन, कनिका मान और प्रियंका चाहर चौधरी समेत कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की।
पीयूष जायसवाल और मेघाश्रे एनजीओ द्वारा प्रस्तुत इस पुरस्कार समारोह में ओटीटी फिल्म, वेब सीरीज़, टेलीविजन, फैशन, लाइफस्टाइल और फिटनेस की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विजेताओं का चयन निर्देशक राज शांडिल्य, सौरभ वर्मा, सिद्धांत सचदेव और सीमा सिंह की जूरी ने किया। समारोह में ओटीटी फिल्म ‘माँ बहन’ को सर्वश्रेष्ठ ओटीटी फिल्म (क्रिटिक्स) का पुरस्कार मिला, जबकि इसके निर्देशक सुरेश त्रिवेणी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सम्मान से नवाजा गया।
वहीं फिल्म ‘सुबेदार’ ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीतने के साथ कुल 14 पुरस्कार अपने नाम कर समारोह की सबसे बड़ी विजेता बनने का गौरव हासिल किया। आइकॉनिक गोल्ड स्ट्रीमिंग अवॉर्ड्स के सह-संस्थापक पीयूष जायसवाल ने कहा कि इस पुरस्कार समारोह का उद्देश्य डिजिटल मनोरंजन जगत के कलाकारों और रचनाकारों को एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान करना है। उन्होंने उद्योग से मिले सहयोग के लिए सभी कलाकारों, जूरी सदस्यों, भागीदारों और मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले वर्षों में इस मंच को और अधिक प्रतिष्ठित बनाया जाएगा।

