बुधनी।लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा सोमवार को नगर केनर्मदा तट स्थित विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. शाम को श्रद्धालु परिवार के साथ नर्मदा तट पहुंचे व अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अघ्र्य अर्पित किया. व्रती महिलाओं ने नदी के पवित्र जल में खड़े होकर सूर्य देव से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की मंगल कामना की.
सुबह से ही नगर में छठ की रौनक देखने लायक रही. घर-घर में ठेकुआ और प्रसाद की सुगंध फैल रही थी. श्रद्धालु महिलाओं ने शुद्ध घी में ठेकुआ, पूड़ी और पांच प्रकार के फलों से पूजा का सूप सजाया. परिवारजनों के साथ दौरा सिर पर रखकर श्रद्धा भाव से घाट की ओर प्रस्थान किया।
सोमवार को सूर्यास्त का समय शाम 5.40 बजे रहा, इसी समय श्रद्धालुओं ने पहला अघ्र्य दिया. वहीं मंगलवार को सुबह 06.31 बजे उगते सूर्य को दूसरा अघ्र्य अर्पित किया जाएगा. इसी के साथ चार दिवसीय भव्य छठ महापर्व का समापन होगा.
