बच्चों के बदलते व्यवहार पर चिंता जगाती रिपोर्ट

आज के समय में मोबाइल और इंटरनेट बच्चों के विकास पर गहरा प्रभाव डाल रहे हैं, जो केवल ज्ञान के स्रोत भर नहीं रह गए, बल्कि बच्चों को वास्तविक दुनिया से दूर कर रहे हैं. यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन की एक सर्वे रिपोर्ट के अनुसार लगभग 60 प्रतिशत माता-पिता बच्चे को शांति के लिए मोबाइल देते हैं, जिससे बच्चे “रियल इंटरैक्शन” के बजाय “वर्चुअल एक्सपीरियंस” में उलझ जाते हैं. इससे उनकी संवेदना, कल्पना और जिज्ञासा सीमित हो जाती है.

जिस प्रकार बच्चा खेल के मैदान में हार-जीत और गिरकर सीखता है, उसी प्रकार के वास्तविक अनुभवों से उसका मस्तिष्क विकसित होता है. लेकिन मोबाइल पर डिजिटल गेम खेलने से यह विकास रुक जाता है. बच्चे खेल में हारने से डरने लगते हैं और तनाव, चिड़चिड़ापन, आत्मविश्वास की कमी जैसी समस्याएं पैदा होती हैं. स्क्रीन्स के अधिक इस्तेमाल से बच्चों का ध्यान कम होता है, नींद खराब होती है और वे अकेलापन महसूस करते हैं, जो डिप्रेशन और एंग्जायटी के बीज बोता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन भी छोटे बच्चों को एक घंटे से अधिक स्क्रीन टाइम न देने की सलाह देता है.मोबाइल रेडिएशन का भी बच्चों के मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव होता है. यह उनकी सोचने-समझने की क्षमता, ध्यान और नींद पर असर डालता है. गतिहीन जीवनशैली से शारीरिक विकास प्रभावित होता है, और बच्चों में संवाद और सामाजिक कौशलों का विकास रुक जाता है. बच्चे इस डिजिटल युग में सामाजिक बातचीत की जगह ऑनलाइन दुनिया में सीमित हो जाते हैं, जिससे वे सामाजिक अलगाव भी महसूस कर सकते हैं.यह स्थिति अब केवल भारत तक सीमित नहीं रही है. दुनिया के कई विकसित देश भी इस समस्या से जूझ रहे हैं. हाल ही में ऑस्ट्रेलिया सरकार ने बच्चों के बीच मोबाइल के बढ़ते उपयोग और उसके मानसिक प्रभावों को गंभीर मानते हुए स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है. यह निर्णय इस चिंता के तहत लिया गया कि मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बच्चों में एकाग्रता घट रही है, सामाजिक कौशल कमजोर हो रहे हैं, और वे मानसिक रूप से तनावग्रस्त हो रहे हैं. फ्रांस और नीदरलैंड जैसे देशों ने भी इसी दिशा में कदम उठाए हैं, जहां 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों को स्कूल परिसर में मोबाइल लाने की अनुमति नहीं है. इन निर्णयों ने वैश्विक स्तर पर यह संदेश दिया है कि बचपन को डिजिटल बंधन से मुक्त रखना अब नीति-निर्माताओं की प्राथमिकता बन चुकी है.

यह उदाहरण भारत के लिए भी प्रेरणादायक हैं. यहां भी नीति-निर्माताओं और शिक्षाविदों को इस दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए, ताकि स्कूल और घर दोनों स्थानों पर बच्चों का वातावरण अधिक संवेदनशील, संवादमय और अनुभवात्मक बनाया जा सके. इस संकट के समाधान के लिए माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. बच्चों के लिए मोबाइल को “डिजिटल नैनी” न बनाएं, बल्कि उनके साथ अधिक संवाद करें, कहानियां सुनाएं, खेलें और रचनात्मक गतिविधियों में शामिल करें. बच्चों को यह सिखाना आवश्यक है कि दुनिया केवल टचस्क्रीन से नहीं, बल्कि हृदय, परिश्रम और अनुभव से चलती है.यदि इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में बच्चे मानसिक रूप से तैयार नहीं होंगे और भविष्य को गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए आवश्यक है कि माता-पिता, शिक्षक और समाज मिलकर बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित करें और उन्हें वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ें.

 

 

Next Post

चाकू लेकर घूमने वाले को दो साल की सजा

Tue Oct 28 , 2025
जबलपुर: न्यायिक मजिस्टे्ट प्रथम श्रेणी ऋषिराज मिश्रा की अदालत ने चाकू रखकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूमने वाले आरोपी विनायक उर्फ मोनू झा को दोषी करार दिया है। अदालत ने आरोपी को दो साल के कठोर कारावास व दो सौ रुपये के अर्थदंड से दंडित किया […]

You May Like