
बेगमगंज। ग्राम तुलसीपार स्थित प्रसिद्ध श्री देवी माँ मंदिर से बीती रात अज्ञात चोर करीब 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी जगदीश प्रसाद तिवारी ने ताला टूटा देखा और मातारानी की प्रतिमा से हार, मंगलसूत्र, करधनी, चांदी के छत्र और पायलें गायब पाईं। सूचना पर फॉरेंसिक टीम, एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव और थानाप्रभारी राजीव उइके ने मौके पर पहुंचकर जांच की। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर पास के ग्राम जरुआ में संदिग्धों से पूछताछ शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
