
भृत्य के लंबित बिलों को पास कर भुगतान करने के एवज में मांग रहा था 1500 रुपए
सागर 7 मार्च. जिला कोषालय कार्यालय के एक कर्मचारी को 1500 रुपए की रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा है जो कि भृत्य के लंबित बिलों को पास कर भुगतान करने के एवज में 1500 रुपए की रिश्वत मांग रहा था.
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार्यालय के भृत्य धनीराम बांगर ने लोकायुक्त कार्यालय में लिखित में शिकायत दर्ज कराई कि कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 रामजी कोरी उसके एरियस के लंबित बिलों को पास कर भुगतान करने के एवज में 1500 रुपए की रिश्वत मांंग रहा है. शिकायत की जांच-पड़ताल के उपरांत लोकायुक्त पुलिस ने गठित ट्रेप दल के माध्यम से आज जिला कोषालय कार्यालय में आवेदक धनीराम से 1500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों कर्मचारी रामजी कोरी को पकड़ा है. ट्रेपकर्ता अधिकारी निरीक्षक रणजीत सिंह और ट्रेप दल के सदस्यों में निरीक्षक अभिषेक वर्मा के साथ आरक्षक तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
