आयुष दोसेजा और यश ढुल के अर्धशतकों से दिल्ली 196/4

नयी दिल्ली 27 अक्टूबर (वार्ता) गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर हिमाचल प्रदेश को पहली पारी में 297 के स्थान पर समेटने के बाद दिल्ली ने आयुष दोसेजा (नाबाद 62) और यश ढुल (70) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर में तीसरे दिन सोमवार को स्टंप के समय चार विकेट पर 196 रन बना लिये हैं और उसकी कुल बढ़त 329 रनों की हो गई है।
हिमाचल प्रदेश ने कल के तीन विकेट पर 165 रनों के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में हिमाचल प्रदेश का चौथा विकेट एकांत सेन (पांच) रनआउट के रूप में गिरा। इसके बाद नवदीप सैनी ने पुखराज मान (23) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। मयंक डागर (28), मुकुल नेगी (14), अर्पित गुलेरिया (चार) रन बनाकर आउट हुये। आकाश वशिष्ठ ने छह चौकों और एक छक्के की मदद से 62 रनों की पारी खेली। 92वें ओवर की चौथी गेंद पर सिद्धांत शर्मा ने वैभव अरोड़ा (13) को आउट कर हिमाचल प्रदेश की पहली पारी का 297 के स्कोर पर अंत कर दिया।
दिल्ली के लिए नवदीप सैनी ने तीन और मनी ग्रेवाल ने दो विकेट लिये। सिद्धांत शर्मा, आयुष बदोनी और सुमित माथुर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब रही और उसने दूसरे ही ओवर में सनत सांगवा (एक) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान आयुष बदोनी (14) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। अर्पित राणा (27) के रूप में दिल्ली का तीसरा विकेट 53 के स्कोर पर गिरा। तीनों ही बल्लेबाज को मुकुल नेगी ने आउट किया। ऐसे संकट के समय आयुष दोसेजा और यश ढुल की जोड़ी ने ना केवल पारी को संभाल तेजी के साथ रन भी बटोरे। 29वें ओवर में वैभव आरोड़ ने यश ढुल को आउट कर दिल्ली को चौथा झटका दिया। यश ढुल ने 59 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के लगाते हुए 70 रन बनाये। दिन का खेल समाप्त होने के समय दिल्ली ने चार विकेट पर 196 रन बना लिये हैं और उसकी कुल बढ़त 329 रनों की हो गई है। आयुष दोसेजा (नाबाद 62) और अनुज रावत (नाबाद 11) क्रीज पर मौजूद है।

Next Post

पार्थिव पटेल ने स्पोर्ट्जएंगेज टेक्नॉलोजी में किया निवेश

Mon Oct 27 , 2025
बेंगलुरु, 27 अक्टूबर (वार्ता) पूर्व भारतीय क्रिकेटर और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी स्पोर्ट्जएंगेज टेक्नॉलोजी में निवेश किया है। पार्थिव पटेल अपनी क्रिकेट विशेषज्ञता का उपयोग सक्रिय रूप से स्पोर्ट्जएंगेज टीम के साथ करेंगे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस […]

You May Like