आई मिस इंडिया कहकर सारा नेतन्याहू ने किया पीएम मोदी का स्वागत, रिश्तों में झलकी आत्मीयता

तेल अवीव। इज़रायल की प्रथम महिला सारा नेतन्याहू ने भारत के प्रति अपने विशेष लगाव को व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में भावुक शब्द कहे। बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “आई मिस इंडिया”, जिससे भारत-इज़रायल संबंधों में आत्मीयता और निजी जुड़ाव की झलक साफ दिखाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय इज़रायल यात्रा पर बुधवार को तेल अवीव पहुंचे, जहां इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ स्वयं एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। नरेन्द्र मोदी का पारंपरिक स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “इज़रायल में आपका स्वागत है, मेरे प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी।”

सारा नेतन्याहू के “आई मिस इंडिया” बयान को दोनों देशों के बीच गहरे होते सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है। वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक इज़रायल यात्रा के दौरान भी दोनों देशों के नेतृत्व के बीच व्यक्तिगत मित्रता चर्चा में रही थी।

अपनी दूसरी इज़रायल यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। उनका इज़रायली संसद (नेसेट) को संबोधित करने, भारतीय समुदाय से मिलने तथा इज़रायल के राष्ट्रपति आइज़ैक हर्ज़ोग से शिष्टाचार भेंट का भी कार्यक्रम है।

रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह यात्रा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगी। उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

सारा नेतन्याहू की भावनात्मक टिप्पणी ने इस दौरे को केवल कूटनीतिक ही नहीं, बल्कि आत्मीय संबंधों का भी प्रतीक बना दिया है।

Next Post

नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर किया पीएम मोदी का स्वागत, मोदी बोले भारत-इज़राइल मित्रता होगी और मजबूत

Wed Feb 25 , 2026
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि इज़राइल पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने लिखा कि इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी द्वारा एयरपोर्ट पर स्वागत किया जाना उनके लिए अत्यंत सम्मान की बात है। प्रधानमंत्री मोदी […]

You May Like