अब तक 10 हजार झुग्गियां तोड़ चुकी भाजपा : आप

नयी दिल्ली, 28 जून (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) शनिवार को कहा कि सरकार बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) यहां अब तक करीब 10 हजार झुग्गियां तोड़ चुकी हैं जिससे एक लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आज कहा कि दिल्ली चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भाजपा के तमाम बड़े नेताओं ने गरीब झुग्गीवालों से वादा किया था कि जहां झुग्गी है, वहां मकान बनाकर देंगे। भाजपा के झांसे में आकर गरीबों ने वोट देकर उनकी सरकार बनवा दी। सरकार बनने के चंद दिनों बाद ही भाजपा इन गरीबों की झुग्गियां उजड़ना शुरू कर दिया है। अब तक करीब दस हजार झुग्गियां तोड़ी जा चुकी हैं और एक लाख से अधिक गरीब झुग्गीवाले बेघर हो चुके हैं। इनके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिन लोगों को मकान दिया भी तो वह काफी दूर दिया है, जहां कोई बुनियादी सुविधा नहीं है। जबकि काफी लोगों को अपात्र बताकर मकान नहीं दिया गया है और ये लोग सड़क पर रहने क लिए मजबूर हैं।

आप नेता ने कहा कि भाजपा गरीब विरोधी है। वह दिल्ली से गरीबों को बाहर निकालना चाहती है इसलिए वह एक-एक झुग्गियों को उजाड़ रही है। आने वाले दिनों में दिल्ली की कई और झुग्गियों पर बुलडोजर कार्रवाई होने वाला है। ऐसे में सभी झुग्गीवालों को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी जरूरी है। आम आदमी पार्टी हमेशा इन गरीब झुग्गीवालों के साथ खड़ी रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की इस तानाशाही रवैए को लेकर पूरी दिल्ली के गरीबों में भारी आक्रोश है और ये लोग अपनी आवाज बुलंद करने के लिए तैयार हैं। आप की ओर से चलाए गए झुग्गी संवाद को जिस तरह झुग्गीवालों का जबरदस्त समर्थन मिला है, इससे साफ है कि रविवार को होने वाले आम आदमी पार्टी के विशाल प्रदर्शन को भारी समर्थन मिलेगा। प्रदर्शन में पूरी दिल्ली की जनता शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि गरीबों की झुग्गियां तोड़ने के खिलाफ आम आदमी पार्टी कल यहाँ विशाल प्रदर्शन करेगी जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया समेत तमाम बड़े नेता शामिल होंगे।

Next Post

वंशवादी महत्वाकांक्षाओं के कारण लगा आपातकाल : जितेंद्र सिंह

Sat Jun 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 जून (वार्ता) केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि “आत्ममुग्धता, तानाशाही प्रवृत्ति, अवसरवाद, लोकतांत्रिक सोच की कमी और वंशवादी महत्वाकांक्षाओं के कारण 1975 में आपातकाल थोप दिया गया। डॉ सिंह ने दिल्ली विधानसभा में “भारतीय लोकतंत्र और संविधान का सबसे अंधकारमय दौर: ना भूलें, […]

You May Like