सिरोज/गंजबासौदा: शनिवार-रविवार को सिरोंज, गंजबासौदा और आसपास के कई ग्रामों में हुई बारिश से मौसम ने करवट ले ली। इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। हालांकि यह बारिश किसानों के लिए मिली-जुली रही कुछ के लिए राहत तो कुछ के लिए परेशानी का कारण बन गई।
कृषि विभाग के एसएडीओ अनुज धाकड़ के अनुसार, सिरोंज क्षेत्र में इस बार करीब 87 हजार हेक्टेयर में रबी फसलों की बोवनी का अनुमान है, जिसमें 60 हजार हेक्टेयर गेहूं, 10-12 हजार हेक्टेयर मसूर और चना, तथा 2-3 हजार हेक्टेयर सरसों की फसल शामिल है। बारिश से खेतों में पलेवा के लिए पर्याप्त नमी मिली है, जिससे बोवनी की तैयारी में तेजी आएगी।
दूसरी ओर, जिन किसानों की धान की फसल खेतों में खड़ी या कटाई पर है, उनके लिए यह बारिश चिंता का विषय बन गई है। ग्रामीण अंचल के भोंसु, आताल, रजाखेड़ी, ओसनहाई जैसे गांवों में धान की बालियां झुकने और दाने गिरने की आशंका है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भर जाने से हार्वेस्टर मशीनें नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे कटाई कार्य प्रभावित हो रहा है।
इधर गंजबासौदा और सांची क्षेत्र में भी लगातार बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश जारी है। इससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। वहीं जिन किसानों की खरीफ फसल बिक चुकी है, वे इस बारिश से खुश हैं क्योंकि इससे रबी फसलों विशेषकर आलू और मटर को लाभ मिलने की उम्मीद है।
कृषि विभाग ने किसानों को गेहूं, चना और सरसों के बीज भी वितरित किए हैं। जनपद अध्यक्ष हमीर सिंह यादव एवं जनपद सदस्य इस दौरान उपस्थित रहे। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। किसान अब आसमान की ओर उम्मीद लगाए बैठे हैं कि मौसम जल्द साफ हो, ताकि वे फसल कटाई का काम दोबारा शुरू कर सकें।
