ओड़िशा में चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ को लेकर एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और दमकल अलर्ट

भुवनेश्वर, 25 अक्टूबर (वार्ता) ओड़िशा सरकार ने शनिवार को चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओड़िशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीआरएएफ) और दमकल को हाई अलर्ट पर कर दिया है। इस तूफ़ान के राज्य के कई जिलों को प्रभावित करने की आशंका है।

राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, ने विशेष राहत आयुक्त देवरंजन कुमार सिंह के साथ संभावित प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की और तूफ़ान से पहले की तैयारियों की समीक्षा की।

भुवनेश्वर क्षेत्रीय भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक ‘गहरा चक्रवाती दबाव’ बन गया है। इसकी सटीक दिशा अभी अनिश्चित है, लेकिन तीव्रता बढ़ रही है। इसके 27, 28 और 29 अक्टूबर को ओड़िशा के दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी वर्षा की संभावना है।

मंत्री ने बताया कि अधिकतम 15 जिले प्रभावित हो सकते हैं और राज्य सरकार ने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और दमकल सेवाएं अलर्ट पर कर दी गयी हैं।

कृषि, जल संसाधन, ऊर्जा, पंचायत राज, स्वास्थ्य, सहकारी, ग्रामीण विकास और पशुपालन विभागों में पूरी तैयारी रखी गई है। कुछ चक्रवात शरणगृह तैयार किए गए हैं, जिनमें भोजन, पेयजल, चारे, आवश्यक दवाइयाँ और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर लोगों को इनमें स्थानांतरित किया जाएगा। श्री पुजारी ने कहा कि संभावित भूस्खलन व शहरी जलभराव पर भी निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने जनता से अनुरोध किया कि वे आधिकारिक चैनलों के माध्यम से ही जानकारी प्राप्त करें और घबराएं नहीं। चक्रवात संबंधी सरकारी अपडेट गंभीरता से लें और सरकार समय-समय पर सटीक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिए जाएंगे।

 

Next Post

बिरला ने स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया

Sat Oct 25 , 2025
नयी दिल्ली, 25 अक्तूबर (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज कहा कि भारतीय समाज ने सदा से ही प्रकृति की पूजा की है और इसके प्रति गहरी श्रद्धा रखी है और पर्यावरण के प्रति सम्मान हमारा विश्वास नहीं बल्कि जीवन का अभिन्न अंग है। श्री बिरला ने यहाँ […]

You May Like