अशोकनगर: कचनार पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन और चोरी किए गए बकरे-बकरियां बरामद की हैं।दरअसल, 14 अक्टूबर को ग्राम भादौन निवासी नंदकिशोर पुत्र नारायण बंजारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात 1 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उसके टपरे से 3 बकरे और 7 बकरियां चोरी कर लीं।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और सायबर सेल से प्राप्त तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया। इसी आधार पर उप निरीक्षक सुनील पुरवैया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने बस स्टैंड राजगढ़ और ग्राम पिपलिया मोती थाना चाचौड़ा से तीन आरोपियों राहुल पुत्र मांगीलाल निवासी ग्राम जैतपुरा, पर्वत सिंह पुत्र सिंगा भील निवासी ग्राम बोरखेड़ी (थाना जामनेर), और ओमप्रकाश पुत्र भूरालाल भील निवासी ग्राम हिनोतिया लोधन (जिला झालावाड़, राजस्थान) को गिरफ्तार किया।टीम ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप (एमपी 39 जेडडी 6078) और करीब 6 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया मसरूका जब्त किया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
