छतरपुर। शादी समारोह के दौरान मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। डीजे पर गाना बदलने की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का उपचार जिला अस्पताल छतरपुर में जारी है।
घटना बाजना थाना क्षेत्र के कचाई गांव स्थित दरगुवां तिगड्डे के पास हुई। बारात में डांस के दौरान डीजे पर चल रहे गाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
जानकारी के अनुसार, बारात छुल्ला गांव से आई थी। दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों ने डीजे पर तत्काल गाना बदलने की मांग की। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना था कि पहले मौजूदा गीत पूरा बजने दिया जाए। इसी बहस ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और हाथापाई शुरू हो गई।
पीछा कर दोबारा हमला करने का आरोप
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक झगड़े के बाद जब कुछ लोग गाड़ी से लौट रहे थे, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने बोलेरो से पीछा कर रास्ते में फिर से मारपीट की। वाहन को टक्कर मारने का भी आरोप लगाया गया है।
घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
