टोडऱा के जंगल में बढ़ी तेंदुए की सक्रियता

पालतू जानवर बन रहे निशाना, ग्रामीणों में दहशत
सतना :जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र के टोडऱा के जंगल में तेंदुए की सक्रियता बढ़ती जा रही है. जिसकी तस्दीक आए दिन जंगल में चरने वाले पालतू जानवरों पर होने वाले हमलों के जरिए की जा सकती है. इन घटनाओं के चलते ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित नजर आने लगे हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत कैलाशपुर बीट के कावर के टोडऱा के जंगल में चर रही एक गाय पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया.

हलांकि आस पास मौजूद चरवाहों द्वारा शोर मचाने के चलते तेंदुआ वहां से भाग निकला. लेकिन गंभीर तौर पर घायल गाय की वापस घर पहुंचते ही मौत हो गई. ग्रामीणों के अनुसार दो दिन पहले ही तेंदुए द्वारा एक बकरी को निशाना बनाया गया था. तेंदुए द्वारा लगातार पालतू जानवरों पर किए जा रहे हमलों को देखते हुए आस पास के ग्रामीणों के बीच दहशत फैलने लगी है. ग्रामीणों का कहना है कि पालतू जानवरों पर तेंदुए के हमले के चलते एक ओर जहां उन्हें अपना पशुधन खोना पड़ रहा है.

वहीं दूसरी ओर अब उन्हें अपनी जान की चिंता भी सताने लगी है. हलांकि घटना के बारे में जानकारी मिलने पर वन विभाग द्वारा मौका मुआयना किया जा चुका है. लेकिन तेंदुए की लोकेशन प्राप्त नहीं हो सकी. जिसे देखते हुए ग्रामीणों को घर से बाहर निकलने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है. गौरतलब है कि मझगवां वन परिक्षेत्र के कैलाशपुर से लेकर बरौंधा धारकुण्डी आश्रम के पास अमुआ मानिकपुर मार्ग पर तेंदुए की सक्रियता की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं. वहीं इस वन परिक्षेत्र में वन्य प्राणियों द्वारा पालतू जानवरों पर हमले किए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं

Next Post

बागेश्वर में भूकंप के झटके

Tue Jan 13 , 2026
बागेश्वर, 13 जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड के बागेश्वर में मंगलवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार आज सुबह सात बजकर 25 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिएक्टर पैमाने पर 3.5 मापी गई है। इसकी गहराई 10 किमी पर रही जबकि भूकंप […]

You May Like