नवरात्र आज से, मां शारदा धाम मैहर में उमड़ेगा भक्तों का सैलाब

सतना: चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही विंध्य क्षेत्र के प्रसिद्ध मां शारदा धाम में आस्था का विशाल जनसैलाब उमडऩे जा रहा है। गुरुवार से शुरू हो रहे इस नौ दिवसीय पर्व के दौरान हर वर्ष की तरह इस बार भी एक से डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा देवी का यह मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में गिना जाता है, जहां दूर-दराज से भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं।

नवरात्रि मेले को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बाहरी जिलों के ऑटो रिक्शा के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही यात्रियों से दुर्व्यवहार या अवैध वसूली करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देश पर यातायात प्रभारी विक्रम पाठक ने रेलवे स्टेशन परिसर में 80 से अधिक ऑटो चालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। तय किया गया कि रीवा, कटनी सहित अन्य जिलों के वे ऑटो जिनके पास स्थानीय परमिट नहीं है, उन्हें मेला अवधि में शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बैठक में ऑटो चालकों के लिए आचार संहिता भी लागू की गई है, जिसके तहत उन्हें श्रद्धालुओं के साथ अतिथि देवो भव: की भावना से व्यवहार करने का निर्देश दिया गया है। ऑटो वाहनों को केवल शासकीय रैन बसेरा पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने और वहीं से सवारी लेने-छोडऩे की अनुमति होगी।
   सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट रानी वाटड के निर्देश पर मेला क्षेत्र में 14 कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। ये अधिकारी रोपवे कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, मंदिर प्रांगण, सीढ़ी मार्ग, वीआईपी गेट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर दो पालियों में ड्यूटी संभालेंगे।
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी 
पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी, वहीं रोपवे और सीढ़ी मार्ग पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने रिजर्व टीम भी तैयार रखी है, जिसे आवश्यकता पडऩे पर तुरंत तैनात किया जाएगा।
     सजा मां का दरबार 
नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाता है और भक्ति, श्रद्धा तथा आध्यात्मिक ऊर्जा का अनूठा वातावरण देखने को मिलता है। प्रशासन का कहना है कि इस बार भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
  15 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव
पश्चिम मध्य रेलवे ने आगामी नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मैहर स्टेशन पर 15 जोड़ी ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 19 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी। इस दौरान चयनित ट्रेनों का मैहर स्टेशन पर 5 मिनट का हाल्ट रहेगा। रेल प्रशासन के अनुसार नवरात्रि में मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों को अस्थायी ठहराव प्रदान किया गया है, ताकि यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

अस्थायी ठहराव पाने वाली प्रमुख ट्रेनों में लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस, चेन्नई-छपरा एक्सप्रेस, वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, कोल्हापुर-धनबाद एक्सप्रेस, दुर्ग–नवतनवा एक्सप्रेस, पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, पूर्णा-पटना एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस–अयोध्या कैंट एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रांची एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस-पटना एक्सप्रेस, पुणे-बनारस एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गुवाहाटी एक्सप्रेस तथा सूरत-छपरा एक्सप्रेस शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों का मैहर स्टेशन पर लगभग पांच मिनट का ठहराव रहेगा।

Next Post

अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने रेपो दर स्थिर रखा, महंगाई को लेकर चिंता

Thu Mar 19 , 2026
वाशिंगटन, 19 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट से उपजी वैश्विक अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में आये भारी उछाल के बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बाजार की उम्मीद के विपरीत रेपो दरों में कोई कटौती नहीं की है। फेड की दो दिन चली बैठक के बाद बुधवार को जारी […]

You May Like