ग्वालियर: ग्वालियर में आज मंगलवार तड़के से भीषण सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन ठप कर दिया है। बीती रात न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।शहर में बीती रात करीब 11 बजे से कोहरा छाना शुरू हो गया, जो मंगलवार सुबह 11 बजे तक घना बना हुआ था। इसके कारण दृश्यता घटकर मात्र 15 से 20 मीटर रह गई है।
इस घने कोहरे का सीधा असर राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य सड़कों पर देखा जा रहा है। वाहनों की धीमी रफ्तार के कारण दिन के समय भी यातायात का दबाव बढ़ गया है, जिससे यात्रियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक सर्दी और कोहरे का ऐसा ही असर बने रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए, जिला प्रशासन ने स्कूलों में बच्चों के लिए आज अवकाश घोषित कर दिया है और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में भी बदलाव किया है। यह निर्णय बच्चों को कड़ाके की ठंड से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
