लंदन, 01 अगस्त (वार्ता) क्रिस वोक्स ओवल में पहले दिन लगाए गए डाइव के दौरान अजीब तरह से जमीन पर गिरने के बाद अपने बाएं कंधे में चोट लगा बैठे जिसके बाद वह बाकी मैच से बाहर हो गए हैं।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को दूसरे दिन के खेल से पहले एक बयान में कहा, ”इस समय, इस चोट के कारण वह आगे टेस्ट मैच में भाग नहीं ले पाएंगे।”
वोक्स को भारत की पहली पारी के 57वें ओवर में क्षेत्ररक्षण करते समय चोट लगी थी। उन्होंने मिड-ऑफ से गेंद का पीछा किया और डाइव लगाकर गेंद को वापस रस्सियों के अंदर खींच लिया। लेकिन वह अजीब तरह से जमीन पर गिरे और तुरंत ही अपना बायां कंधा पकड़े हुए दिखाई दिए।
इंग्लैंड, जो पहले से ही इस मैच में बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर की सेवाओं से वंचित है, के पास अब केवल तीन तेज गेंदबाज़ी विकल्प होंगे – जोश टंग, गस एटकिंसन और जेमी ओवरटन। लेकिन उन्होंने भारत को पहली पारी में 224 रन पर समेट दिया।
वोक्स, जिन्होंने सभी पांचों टेस्ट मैचों में हिस्सा लिया है, पूरी सीरीज में इंग्लैंड के लिए एक बेहतरीन गेंदबाज़ रहे हैं। उन्होंने 181 ओवर फेंके – दोनों टीमों में किसी और से ज्यादा और 11 विकेट लिए।
